हरकी पैड़ी क्षेत्र में 20 भिक्षुकों पर मुकदमा दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
हरकी पैड़ी क्षेत्र में 20 भिक्षुकों पर मुकदमा दर्ज


हरिद्वार, 30 अप्रैल (हि.स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन लगाम के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने हरकी पैड़ी क्षेत्र में घाटों पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं से जबरन भीख मांगने और बदसलूकी करने वाले 20 भिक्षुकों के खिलाफ भिक्षुक अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने गुरुवार को हरकी पैड़ी और आसपास के घाटों पर अभियान चलाया। इस दौरान ऐसे भिक्षुकों को चिन्हित किया गया जो यात्रियों को परेशान कर रहे थे और जबरदस्ती भीख मांग रहे थे। पुलिस ने मौके से 20 लोगों को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, यह अभियान तीर्थस्थल की गरिमा बनाए रखने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित व सुगम वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि हरकी पैड़ी क्षेत्र में अव्यवस्था और असुविधा की स्थिति न बने।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story