बंद मकानों को बनाता था निशाना, हीटर में छिपाकर रखे थे चोरी के सोने के आभूषण

WhatsApp Channel Join Now
बंद मकानों को बनाता था निशाना, हीटर में छिपाकर रखे थे चोरी के सोने के आभूषण


हल्द्वानी, 24 मई (हि.स.)। लालकुआं क्षेत्र में लगातार हो रही नकबजनी और चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से तीन अलग-अलग चोरी की घटनाओं से संबंधित भारी मात्रा में सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं।

मामले का खुलासा एसपी सिटी मनोज कत्याल ने किया।

पुलिस के अनुसार 19 मई को बिन्दुखत्ता निवासी चन्द्रा देवी ने थाना लालकुआं में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने के आभूषण चोरी कर ले गया। मामले में थाना लालकुआं में मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक गौरव जोशी को सौंपी गई।

जांच के दौरान पुलिस को वर्ष 2025 में हुई दो अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध भी मिले, जिनमें बिन्दुखत्ता और रावतनगर क्षेत्र के मकानों से जेवरात और नकदी चोरी की गई थी।

इन घटनाओं के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने क्षेत्र और आसपास लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली व तकनीकी और मैन्युअल इंटेलिजेंस के माध्यम से संदिग्धों की जानकारी जुटाई। इसी दौरान 23 मई को सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल एक युवक बिन्दुखत्ता क्षेत्र में चोरी के जेवर बेचने आया है।

सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी भानु प्रताप (21) निवासी बहेड़ी, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से सोने के टूटे आभूषण बरामद हुए। इसके अलावा पंखानुमा हीटर की निचली प्लेट में छिपाकर रखे गए अन्य सोने के आभूषण भी बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह दिन के समय बंद पड़े मकानों की रेकी करता था और मौका मिलने पर ताला तोड़कर घरों में घुसकर सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर फरार हो जाता था। उसने वर्ष 2025 में दर्ज अन्य चोरी की घटनाओं को अंजाम देना भी कबूल किया।

पुलिस ने बरामद आभूषणों की पहचान शिकायतकर्ताओं से कराई, जिसके बाद आरोपी को विधिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। मामले के सफल खुलासे पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को 2500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story