एसटीएफ ने 55.50 लाख की साइबर ठगी मामले में पंजाब से आरोपित दबोचा

WhatsApp Channel Join Now
एसटीएफ ने 55.50 लाख की साइबर ठगी मामले में पंजाब से आरोपित दबोचा


देहरादून, 29 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने 55.50 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में पंजाब के फाजिल्का से एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित के बैंक खाते में ठगी की रकम में से छह लाख रुपये जमा हुए थे। उसके खाते के विरुद्ध साइबर अपराध से संबंधित छह अन्य शिकायतें भी दर्ज मिली हैं।

एसटीएफ के मुताबिक पंडितवाड़ी, देहरादून निवासी चुन्नी लाल अग्निहोत्री ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में शिकायत दर्ज कराई थी कि साइबर ठगों ने उन्हें ‘एसबीएसबीएल कम्युनिटी/वीआईपी कम्युनिटी’ नामक व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ा। आरोपितों ने खुद को सेबी पंजीकृत सलाहकार बताते हुए फर्जी ट्रेडिंग क्लासेज, डीमैट अकाउंट और नकली सीडीएसएल/एनएसडीएल दस्तावेज दिखाकर विश्वास में लिया। इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों में कुल 55.50 लाख रुपये जमा कराकर कथित रूप से धोखाधड़ी की गई।

विवेचना के दौरान ठगी की रकम की मनी ट्रेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पंजाब निवासी सुखवीर सिंह उर्फ सूक्कू (26) की संलिप्तता सामने आई। पुलिस के अनुसार, आरोपित के खाते में शिकायतकर्ता से ठगी गई रकम में से छह लाख रुपये जमा हुए थे। इसके बाद एसटीएफ टीम ने पंजाब के फाजिल्का क्षेत्र में दबिश देकर सुखवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने लोगों से अपील की है कि निवेश के नाम पर अधिक लाभ का लालच देने वाले संदिग्ध प्रस्तावों से सावधान रहें और किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ बैंक खाता, ओटीपी अथवा अन्य बैंकिंग जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज करें।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story