अवैध सागौन लकड़ी के साथ ट्रक पकड़ा, दो गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
अवैध सागौन लकड़ी के साथ ट्रक पकड़ा, दो गिरफ्तार


हरिद्वार, 06 अप्रैल (हि.स.)। जनपद में अवैध तस्करी एवं आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की ओर से चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत खानपुर थाना क्षेत्र में एक ट्रक से अवैध सागौन की लकड़ी बरामद की गई है। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक डी.एस. कोहली के नेतृत्व में देर रात चौकी वालावाली (उत्तर प्रदेश सीमा) पर एक संदिग्ध ट्रक को रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक में अवैध सागौन की लकड़ी पाई गई।

मौके पर चालक एवं अन्य सवार से संबंधित कागजात मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद थाना खानपुर में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपितों को हिरासत में ले लिया गया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुकीम पुत्र साबिर, निवासी दिनौड़ा नांगल, नजीबाबाद (उत्तर प्रदेश) और जुल्फान पुत्र अहमद हसन, निवासी सुल्तानपुर आदमपुर, लक्सर (हरिद्वार) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत क्षेत्र में चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story