एसएसपी ने चारधाम यात्रा और कानून-व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
एसएसपी ने चारधाम यात्रा और कानून-व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश


हरिद्वार, 18 अप्रैल (हि.स.)। जनपद पुलिस मुख्यालय कॉन्फ्रेंस हॉल में एसएसपी नवनीत सिंह की अध्यक्षता में शनिवार काे मार्च माह की अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारी सहित सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

गोष्ठी में एसएसपी ने अपराध नियंत्रण, आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तार से समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए चारधाम यात्रा को सकुशल संपन्न कराएं।

एसएसपी ने कहा कि यात्रा मार्गों पर गश्त और पेट्रोलिंग टीमें लगातार सक्रिय रहें ताकि किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने निर्देश दिया कि यातायात दबाव को देखते हुए वैकल्पिक मार्गों का प्रभावी उपयोग किया जाए।

एसपी ट्रैफिक को निर्देशित किया गया कि चारधाम यात्रा के लिए तैयार ट्रैफिक प्लान को सख्ती से लागू कराया जाए। साथ ही, यात्रा मार्गों पर दिशा, दूरी और क्यूआर कोड सहित आवश्यक जानकारी वाले होर्डिंग्स शीघ्र लगाए जाएं।

बैठक में ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई को और प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि गैंगस्टरों और पेशेवर अपराधियों की चल-अचल संपत्ति की जब्ती की कार्रवाई में तेजी लाई जाए। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट टीम को ऑपरेशन मुक्ति के तहत भिक्षावृत्ति, बालश्रम और अन्य जोखिमपूर्ण गतिविधियों में लिप्त बच्चों के पुनर्वास हेतु और अधिक प्रभावी कार्य करने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने थानों में प्राप्त होने वाली शिकायतों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया और थाना प्रभारियों को सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित मामलों में एमएसीटी, आई-रेड और सोलैशियम योजना से जुड़ी कार्यवाही की निगरानी स्वयं करने को कहा गया। नशा तस्करों, विशेषकर स्मैक के अवैध कारोबार में संलिप्त तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए।

एसएसपी ने चेतावनी दी कि चारधाम यात्रा के दौरान सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story