एसएसपी ने लंबित विवेचनाओं पर जताई नाराजगी

WhatsApp Channel Join Now
एसएसपी ने लंबित विवेचनाओं पर जताई नाराजगी


हरिद्वार, 24 सितंबर (हि.स.)। 5 पुलिस कार्यालय रोशनाबाद के सभागार में अगस्त माह की अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित हुई। एसएसपी नवनीत सिंह ने लंबित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों और विभिन्न अभियानों की प्रगति की समीक्षा की।

एसएसपी ने कहा कि जिन थानों में विवेचना और शिकायतें लंबित हैं, उन्हें तय समय में पूरा किया जाए। 60 और 90 दिन की समय सीमा वाली विवेचनाओं की पर्यवेक्षण अधिकारियों द्वारा नियमित समीक्षा हो और एसपी सिटी व एसपी देहात इसकी साप्ताहिक मॉनिटरिंग कर अनुपालन रिपोर्ट दें।

मानवाधिकार आयोग से संबंधित लंबित जांचों का प्राथमिकता पर निस्तारण करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक मुकदमे में पारदर्शी और निष्पक्ष विवेचना हो। गंभीर मामलों में चार्जशीट या अंतिम रिपोर्ट कोर्ट भेजने से पहले वैज्ञानिक साक्ष्यों का गहन अध्ययन किया जाए। ऑनलाइन पोर्टल से मिली शिकायतों पर भी समयबद्ध कार्रवाई हो।

त्योहारों पर बढ़ेगी चौकसी

त्योहारी सीजन को देखते हुए एसएसपी ने बाजारों, बैंकों और सर्राफा प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मजबूत करने के निर्देश दिए। व्यापारियों से संपर्क कर सुरक्षा गार्ड और सीसीटीवी कैमरे चालू रखने को कहा। रात की गश्त और पिकेट को प्रभावी बनाने तथा शाम के समय सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में राउंड पर रहने को कहा।

थानों में आने वाले फरियादियों से मधुर व्यवहार के निर्देश देते हुए एसएसपी ने महिला फरियादियों की सुनवाई के लिए महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा।

अज्ञात शवों की शिनाख्त के लिए सीमावर्ती जिलों से समन्वय और पुराने माल के निस्तारण की समीक्षा के निर्देश भी दिए। नए थाना भवनों के निर्माण की गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए कर्मी तैनात करने और कमी मिलने पर थाना प्रभारी की जिम्मेदारी तय करने की चेतावनी दी।

बैठक में एसपी क्राइम निशा यादव, एसपी देहात अभय सिंह, एसपी सिटी दीपक सिंह सहित सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story