कांवड़ियों पर फायरिंग और मारपीट करने वाले पिल्ला गैंग का एक सदस्य दबोचा

WhatsApp Channel Join Now
कांवड़ियों पर फायरिंग और मारपीट करने वाले पिल्ला गैंग का एक सदस्य दबोचा


हरिद्वार, 06 जून (हि.स.)। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में कांवड़ियों पर फायरिंग और मारपीट के मामले में कनखल पुलिस ने एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 1 जून को गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में कांवड़ियों के साथ कहासुनी के बाद फायरिंग, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की घटना हुई थी। फायरिंग में एक कांवड़िया के घायल होने का मुकदमा कोतवाली कनखल में दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक कनखल के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। सादे वस्त्रों में तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में लगातार निगरानी करते हुए अब तक मुख्य आरोपित सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, पिल्ला गैंग से जुड़े विभिन्न मामलों में अब तक कुल 22 बदमाशों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा चुका है।

ताजा कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपित की पहचान जतिन पुत्र पवन कुमार निवासी जमालपुर कला, थाना कनखल, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story