गुटबाजी के चलते की थी फायरिंग, गिरफ्तार
हरिद्वार, 06 मार्च (हि.स.)। क्षेत्र में वर्चस्व बढ़ाने और गुटबाजी के चलते हुई फायरिंग की घटना में हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार दिनांक 05 मार्च को ग्राम नन्हेडा अनंतपुर में दो युवकों के गुटों के बीच चल रही आपसी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई के चलते फायरिंग की घटना सामने आई थी। इस दौरान दीपू नामक युवक द्वारा तमंचे से फायरिंग कर मोहित निवासी नन्हेडा अनंतपुर को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के संबंध में कोतवाली भगवानपुर में आरोपित दीपू निवासी नन्हेडा अनंतपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी हरिद्वार ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध हथियारों का इस्तेमाल करने और फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान ग्राम पुहाना क्षेत्र से संबंधित गुट के युवक वंशराज पुत्र मीर कुमार निवासी नन्हेडा अनंतपुर को ग्राम नन्हेडा से सरठेडी जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसे नियमानुसार माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध हथियारों के इस्तेमाल और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

