आर्य नगर में गेट लगाने को लेकर फिर विवाद, स्थानीय लोगों में आक्रोश

WhatsApp Channel Join Now
आर्य नगर में गेट लगाने को लेकर फिर विवाद, स्थानीय लोगों में आक्रोश


हरिद्वार, 11 अप्रैल (हि.स.)। आर्य नगर क्षेत्र स्थित सोंधी नर्सिंग होम वाली गली में सार्वजनिक स्थान पर गेट लगाने को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि एक दबंग प्रॉपर्टी कारोबारी के दबाव में गली में जबरन गेट लगाया गया, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया है।

जानकारी के अनुसार जिस स्थान पर गेट लगाया गया है, वह एक परिवार के घर के ठीक सामने है। पीडि़त परिवार का कहना है कि उन्होंने इसका कड़ा विरोध किया था, लेकिन इसके बावजूद पुलिस की मौजूदगी में गेट लगा दिया गया। परिवार का आरोप है कि उनकी शिकायतों के बावजूद प्रशासन उनकी सुनवाई नहीं कर रहा है।

स्थानीय लोगों ने यह भी सवाल उठाया है कि विवादित स्थान से मयूर विहार कॉलोनी की शुरुआत ही नहीं होती, ऐसे में वहां गेट लगाने की अनुमति कैसे दी गई। इस पूरे मामले ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। दूसरी ओर, संबंधित प्रॉपर्टी कारोबारी का दावा है कि गेट लगाने के लिए उसके पास कोर्ट का आदेश है, हालांकि आदेश में गेट की सटीक लोकेशन स्पष्ट नहीं बताई गई है।

आरोप यह भी है कि जहां गेट लगाया जा रहा है, वह स्थान कारोबारी के घर से काफी दूर है और उसने अपने घर से पहले एक मकान खरीदकर उसी क्षेत्र को कवर करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया है।

गेट लगाए जाने के दौरान हथियारबंद लोगों की मौजूदगी से स्थानीय निवासियों में भय का माहौल बन गया है। जिस परिवार के घर के सामने गेट लगाया गया है, वह इस घटनाक्रम से बेहद आहत है और अपनी पीड़ा व्यक्त कर रहा है।

स्थानीय नागरिकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है और यह स्पष्ट करने को कहा है कि गेट लगाने की अनुमति किन आधारों पर दी गई। फिलहाल इस मुद्दे को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है और लोग प्रशासन से ठोस कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story