प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री याेगी पर विवादित टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री याेगी पर विवादित टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ्तार


हरिद्वार, 01 जून (हि.स.)। सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग कर एक वीडियो प्रसारित करने वाले एक युवक को सिडकुल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। थाना सिडकुल में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।

पुलिस के अनुसार रविवार को रोशनाबाद निवासी बिंदरपाल पुत्र चंद्रभान पाल ने थाना सिडकुल में लिखित तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि एक युवक ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित किया है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी और उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की गई हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर थाना सिडकुल में मुकदमा पंजीकृत किया गया और मामले की जांच उपनिरीक्षक देवेंद्र चौहान को सौंप दी।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। विवेचना के दौरान वीडियो प्रसारित करने वाले युवक की पहचान अतीक अहमद पुत्र शमशुल हसन निवासी रोशनाबाद, थाना सिडकुल, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

सिडकुल पुलिस ने बताया कि आरोपित के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से अपील की है कि किसी भी सार्वजनिक मंच पर आपत्तिजनक, भड़काऊ अथवा कानून का उल्लंघन करने वाली सामग्री प्रसारित करने से बचें, अन्यथा उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story