लक्सर बार एसोसिएशन ने बहिष्कार स्थगित कर प्रशासन को दी 15 दिन की माेहलत

WhatsApp Channel Join Now
लक्सर बार एसोसिएशन ने बहिष्कार स्थगित कर प्रशासन को दी 15 दिन की माेहलत


हरिद्वार, 24 फ़रवरी (हि.स.)। बार एसोसिएशन लक्सर ने रजिस्ट्रार कार्यालय एवं राजस्व न्यायालय के बहिष्कार को फिलहाल स्थगित कर प्रशासन को समस्याओं के समाधान के लिए 15 दिन की मोहलत दी है। यह निर्णय सोमवार को बार भवन में आयोजित महासभा में सर्वसम्मति से लिया गया।

महासभा की अध्यक्षता बार एसोसिएशन के अध्यक्ष उदय पाल पंवार ने की। बैठक में अधिवक्ताओं ने लेखपाल, कानूनगो और उपजिलाधिकारी लक्सर से जुड़े विभिन्न प्रकरणों पर चर्चा की। इसके बाद निर्णय लिया गया कि फिलहाल बहिष्कार को अस्थायी रूप से रोका जाए और प्रशासन को मांगों के समाधान के लिए समय दिया जाए।

अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि यदि 15 दिन के भीतर संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो बहिष्कार और आंदोलन पुनः शुरू किया जाएगा। अध्यक्ष उदय पाल पंवार ने कहा कि अधिवक्ताओं का सम्मान और वादकारियों के हित सर्वोपरि हैं तथा प्रशासन से सकारात्मक पहल की अपेक्षा की जाती है।

बार एसोसिएशन की ओर से बहिष्कार स्थगन संबंधी पत्र उपजिलाधिकारी, तहसीलदार लक्सर और निबंधन कार्यालय को भेज दिया गया है, ताकि प्रशासन को निर्णय की आधिकारिक जानकारी मिल सके। बैठक में बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story