हरिद्वार पुलिस का अपराध पर प्रहार, पांच चोरी की बाइक बरामद
हरिद्वार, 18 अप्रैल (हि.स.)। हरिद्वार पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने चोरी की कुल 5 मोटरसाइकिल बरामद करते हुए 2 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली ज्वालापुर में मोटरसाइकिल चोरी के संबंध में आनंद कुमार पुत्र हरमन सिंह निवासी सुभाष नगर तथा वादिया रानी पत्नी जावेद निवासी ग्राम सराय ज्वालापुर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने नहर पटरी स्थित रेगुलेटर पुल के पास से दो संदिग्धों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने बहादराबाद नहर पटरी मार्ग के पास झाड़ियों से चार अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद कीं। बरामद 5 मोटरसाइकिलों में से 2 के संबंध में कोतवाली ज्वालापुर में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी नशे की लत को पूरा करने के लिए वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार आरोपितों के नाम पते सोनू राठी पुत्र जय भगवान सिंह, निवासी ग्राम खातला खटला, जिला जींद (हरियाणा) व प्रवीण कश्यप पुत्र सतपाल कश्यप, निवासी सुखी नदी, इंदिरा विकास कॉलोनी खड़खड़ी, जनपद हरिद्वार बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

