पुलिस पर जानलेवा हमला मामले में तीन गिरफ्तार
हरिद्वार, 05 फ़रवरी (हि.स.)। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के छपार थाने की पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। फरार आरोपितों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक उत्तरप्रदेश के मुजफ्फरनगर के छपार थाने में दर्ज धोखाधड़ी के एक मुकदमे में वांछित आरोपित को गिरफ्तार करने आई पुलिस टीम पर बीते रोज हमला किया गया। छपार थाने में तैनात दारोगा अनुराग सिंह ने ज्वालापुर पुलिस को शिकायत देकर बताया कि सिपाही मोहित, अनिल कुमार और महिला सिपाही प्राची मुजफ्फरनगर के छपार थाने में दर्ज एक मुकदमे में वांछित संजय पुत्र राजपाल, निवासी ए 14, सुभाष नगर थाना ज्वालापुर की तलाश में बुधवार को हरिद्वार आए और स्थानीय थाने में आमद दर्ज कराई। पुलिस टीम आरोपी के घर पर पहुंची। तभी संजय बाजार की तरफ से आता दिखा। टीम ने संजय को गिरफ्तार कर लिया। टीम जब संजय को लेकर हाईवे पर मुजफ्फरनगर की तरफ जा रही थी। तब संजय के बेटे ईशांत की थार और एक काले रंग की स्कार्पियो उनका पीछा करती दिखाई दी। भूमानंद अस्पताल के पास अचानक इशांत ने पुलिस की गाड़ी को टक्कर मार दी। इस हमले में दरोगा अनुराग, महिला सिपाही प्राची और सिपाही अनिल घायल हो गए। सूचना पर ज्वालापुर एसएसआई खेमेन्द्र गंगवार पुलिस फोर्स के साथ मौके पहुंचे और ईशांत पुत्र संजय, शिवम मलिक पुत्र अनुज, अमन पुत्र गजेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया। भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी अनिरुद्ध मौके से फरार हो गया।
ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि इस मामले में आरोपी संजय, ईशांत, शिवम मालिक, अमन, अनिरुद्ध, कुणाल त्यागी और अनुज मालिक समेत चार अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

