पीर के मेले में चादर चढ़ाने गए परिवार पर धारदार हथियारों से हमला, पांच घायल

WhatsApp Channel Join Now
पीर के मेले में चादर चढ़ाने गए परिवार पर धारदार हथियारों से हमला, पांच घायल


हरिद्वार, 12 मई (हि.स.)। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के कुड़ी नैतवाला गांव में पीर के मेले के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चादर चढ़ाने पहुंचे एक परिवार पर दबंगों ने लाठी-डंडों, चाकू और तमंचों से हमला बोल दिया। हमले में महिला सहित पांच लोग घायल हो गए, जबकि एक युवक व महिला को चाकू लगने से गंभीर चोट आई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

पीड़ित सय्याद पुत्र यासीन निवासी कुड़ी नैतवाला ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि सोमवार रात करीब आठ बजे गांव में पीर का मेला चल रहा था। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते अपने साथ बाहरी युवकों को बुलाकर उनके परिवार पर हमला कर दिया।

पीड़ित के अनुसार हमले में उसके बड़े भाई गुलाम साबिर व सलमान की पत्नी शहजादी को चाकू मारकर घायल कर दिया गया, जबकि परिवार की एक और महिला समेत अन्य लोगों के साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई।

तहरीर में मनव्वर, नाजिम, फरमान, सोनू, सावेज, चंदू, मेहरबान, अरुण, छोटू, सूफियान, अनवर और फारूक समेत कई लोगों को नामजद किया गया है। पीड़ित परिवार ने आरोपितों से जान का खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। प्रकरण की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story