महिला अपराध और नशा तस्करी पर विशेष फोकस

WhatsApp Channel Join Now
महिला अपराध और नशा तस्करी पर विशेष फोकस


हल्द्वानी , 31 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस महकमा और सख्त रुख अपनाता नजर आ रहा है। मंगलवार को हल्द्वानी में आयोजित एक अहम समीक्षा बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन ने नैनीताल और ऊधमसिंहनगर जनपद के पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए।

बैठक में एडीजी ने दोनों जनपदों में चल रही विवेचनाओं, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और लंबित मामलों की स्थिति की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों और जांचों का निस्तारण तय समय सीमा के भीतर किया जाए तथा थानों और कार्यालयों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ई-साक्ष्य, समेत विभिन्न पोर्टलों पर डेटा अपडेट करने के निर्देश भी दिए गए।महिला संबंधी अपराधों को लेकर एडीजी ने नाराजगी जताई।

उन्होंने कहा कि कई मामलों में 60 दिन की अनिवार्य अवधि के भीतर विवेचना पूरी नहीं हो रही है, जो गंभीर लापरवाही है। ऐसे मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए गए ।नशा तस्करी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एडीजी ने कहा कि कमर्शियल क्वांटिटी से जुड़े मामलों की जांच की गुणवत्ता में सुधार किया जाए। बड़े तस्करों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उनकी संपत्तियों के जब्तीकरण की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा गुमशुदा व्यक्तियों, विशेषकर नाबालिग बच्चों की शत-प्रतिशत बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाने और अज्ञात शवों की शिनाख्त में तकनीक का अधिकतम उपयोग करने पर भी जोर दिया गया।बैठक के अंत में एडीजी ने दो टूक कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय की जाएगी।

उन्होंने पुलिस बल को आधुनिक तकनीकों का अधिक से अधिक उपयोग कर अपराध मुक्त समाज बनाने के लिए प्रेरित किया।इस दौरान एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी., एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति समेत दोनों जनपदों के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story