हरिद्वार में जल्द शुरू होगी टी-20 क्रिकेट लीग, छह टीमें लेंगी हिस्सा
हरिद्वार, 26 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड प्रीमियर लीग की तर्ज पर अब हरिद्वार में भी टी-20 क्रिकेट लीग का आयोजन किया जाएगा। हरिद्वार क्रिकेट एसोसिएशन ने जिले की क्रिकेट प्रतिभाओं को बेहतर मंच देने के उद्देश्य से इस नई लीग की तैयारी शुरू कर दी है। लीग का आयोजन उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन के मार्गदर्शन में किया जाएगा।
हरिद्वार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रविंदर सिंह ने प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता के दौरान बताया कि हरिद्वार टी-20 क्रिकेट लीग के लिए खिलाड़ियों के चयन हेतु कैंप लगाए जा रहे हैं। इन कैंपों में खिलाड़ी निशुल्क हिस्सा ले सकेंगे। लीग के आयोजन की तिथि जल्द घोषित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि लीग में कुल छह टीमें हिस्सा लेंगी। प्रत्येक टीम में चार-चार बोर्ड प्लेयर शामिल किए जाएंगे, जबकि अन्य खिलाड़ियों का चयन आयोजित होने वाले कैंपों के माध्यम से किया जाएगा। इसके बाद टीमों की फ्रेंचाइजी खिलाड़ियों के लिए ऑक्शन प्रक्रिया में हिस्सा लेंगी।
हरिद्वार क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अमित राय ने बताया कि लीग के आयोजन में 100 स्पोर्ट्स प्रा. लि. सहयोगी की भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि जिले की सभी क्रिकेट एकेडमियों के साथ-साथ विभिन्न कॉलेजों में खेल रहे प्रतिभावान खिलाड़ी भी लीग के लिए आयोजित कैंप में हिस्सा ले सकते हैं।
अमित राय ने कहा कि हरिद्वार क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से जल्द ही पूरे वर्ष का क्रिकेट कैलेंडर भी जारी किया जाएगा।
प्रेस वार्ता के दौरान 100 स्पोर्ट्स प्रा. लि. के निदेशक रविंद्र भाटी एवं मनीष भट्ट सहित आयोजन समिति के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
-
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

