बनभूलपुरा में अवैध नशीली दवाओं पर कार्रवाई, मेडिकल स्टोर सीज
नैनीताल, 16 अप्रैल (हि.स.)। कुमाऊं परिक्षेत्र पुलिस को नशे के विरुद्ध चलाये जा रहे सघन अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस महानिरीक्षक रिद्धिम अग्रवाल के निर्देशन में स्पेशल ऑपरेशन टास्क फोर्स एवं औषधि नियंत्रक विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार की रात्रि हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक मेडिकल स्टोर को कार्रवाई करते हुए सीज कर दिया है।
कुमाऊं परिक्षेत्र पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्रवाई के दौरान श्री श्याम मेडिकल स्टोर से संचालक हिमांशु वार्ष्णेय के कब्जे से बुप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन, ट्रामाडोल कैप्सूल तथा अल्प्राजोलम टैबलेट सहित अवैध नशीली दवाएं बरामद की गईं। इस पर ड्रग निरीक्षक ने औषधि अधिनियम के नियम 65 के उल्लंघन में मेडिकल स्टोर को सीज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की। सुश्री अग्रवाल ने कहा कि परिक्षेत्र में में नशे के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

