ऑपरेशन प्रहार के तहत तीन गिरफ्तार
हरिद्वार, 04 मई (हि.स.)। हरिद्वार पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत गौकशी में लिप्त एक संगठित गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया है। रानीपुर क्षेत्र में सक्रिय इस गैंग के खिलाफ की गई ताबड़तोड़ कार्रवाई में पुलिस ने सरगना समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली रानीपुर के प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। जांच के दौरान पुलिस ने गौकशी में संलिप्त चार आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगालकर विस्तृत गैंगचार्ट तैयार किया। इसके आधार पर गिरोह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस टीमों ने रविवार देर रात दबिश देते हुए गैंग के सरगना अनीश (46 वर्ष), मोहम्मद उमेर (21 वर्ष) और मुसर्रत (29 वर्ष) को उनके घरों से गिरफ्तार किया। सभी आरोपी कोतवाली रानीपुर क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर के निवासी बताए गए हैं। वहीं, चौथे आरोपी साहिल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी गौवंश संरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं, जिससे इनके संगठित आपराधिक नेटवर्क का संकेत मिलता है। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह की गतिविधियों पर लंबे समय से नजर रखी जा रही थी और पुख्ता साक्ष्य मिलने के बाद कार्रवाई की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

