उत्तराखंड में सहकारिता सप्ताह का आगाज, सहकार से समृद्धि का लिया संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड में सहकारिता सप्ताह का आगाज, सहकार से समृद्धि का लिया संकल्प


हरिद्वार, 29 जून (हि.स.)। सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उत्तराखंड में 29 जून से 6 जुलाई तक सहकारिता सप्ताह मनाया जा रहा है। इस अवसर पर सोमवार को जनपद हरिद्वार सहित प्रदेशभर की सहकारी समितियों, बैंक शाखाओं, बैंक मुख्यालयों एवं सहायक निबंधक सहकारी समितियों कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहकारिता की शपथ लेकर सहकार से समृद्धि के संकल्प को दोहराया।

सहायक निबंधक सहकारिता मोनिका चुनेरा ने बताया कि सहकारिता सप्ताह का उद्देश्य महिलाओं, युवाओं एवं स्वयं सहायता समूहों को सहकारिता आंदोलन से जोड़ते हुए समावेशी, पारदर्शी और आत्मनिर्भर सहकारिता व्यवस्था को मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में सहकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है और इसी सोच के साथ पूरे प्रदेश में विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सप्ताहभर के कार्यक्रमों के तहत 30 जून को सहकारी पौधारोपण, पैक्स सशक्तिकरण दिवस एवं जागरूकता शिविर, 1 जुलाई को केसीसी एवं ऋण वितरण कार्यक्रम, 2 जुलाई को विद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में सहकारिता जागरूकता कार्यशालाएं, 3 जुलाई को उद्यमिता एवं पैक्स की सामान्य निकाय बैठकें, 4 जुलाई को एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत वृहत वृक्षारोपण एवं हरेला कार्यक्रम, 5 जुलाई को सोशल मीडिया आउटरीच दिवस तथा 6 जुलाई को देहरादून में राज्य स्तरीय सहकार से समृद्धि सहकार मंथन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

सहकारिता विभाग ने जनपदवासियों, विशेषकर युवाओं, महिलाओं एवं स्वयं सहायता समूहों से सहकारिता आंदोलन से जुड़कर राज्य और देश की समृद्धि में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story