गढ़वाल में जिला सहकारी बैंक चुनाव में भाजपा का क्लीन स्वीप
देहरादून, 08 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में जिला सहकारी बैंकों के चुनाव में गढ़वाल मंडल के सभी छह अध्यक्ष पदों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। छहों बैंकों में उपाध्यक्ष पदों पर भी भाजपा समर्थित उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इसे 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले का रुझान बताया।
गढ़वाल मंडल के देहरादून जिला सहकारी बैंक में मनजीत रावत, चमोली में गजेंद्र सिंह रावत, उत्तरकाशी में शारदा राणा, पौड़ी गढ़वाल में पंकज रावत, टिहरी गढ़वाल में सुभाष चंद्र रमोला और हरिद्वार में विजेंद्र चौधरी अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि गढ़वाल मंडल की सभी छह जिला सहकारी बैंकों की अध्यक्ष सीटों पर जीत से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा है। उन्होंने इसे केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों एवं विकास कार्यों पर जनता की मुहर बताया। भट्ट ने कहा कि किसानों और आम लोगों से जुड़े सहकारिता क्षेत्र में मिली जीत 2027 के चुनाव से पहले का रुझान है।
उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी से शारदा राणा का निर्विरोध निर्वाचित होना प्रदेश में पहली महिला जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष बनने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने शारदा राणा समेत सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई दी।
भट्ट ने दावा किया कि कुमाऊं मंडल की तीनों जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष सीटों पर भी भाजपा समर्थित उम्मीदवार जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है।
सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सहकारिता चुनाव में कांग्रेस कहीं टिक नहीं पाई। उन्होंने कहा कि सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भाजपा की नीतियों पर भरोसा जताया है।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने भी देहरादून कचहरी पहुंचकर मनजीत रावत और अन्य नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मनजीत रावत के नेतृत्व में जिला सहकारी बैंक सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने के साथ जनहित में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस बीच देहरादून जिला सहकारी बैंक के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनजीत रावत और उपाध्यक्ष भीम सिंह पुंडीर का भाजपा महानगर कार्यालय में स्वागत किया गया। महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल और महापौर सौरभ थपलियाल ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
मनजीत रावत ने केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और बैंक सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि वह मिली जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए बैंक को समाजहित में आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे।
उत्तराखंड में पहली बार जिला सहकारी बैंक चुनाव में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया है। प्रदेश के 10 जिला सहकारी बैंकों में उत्तरकाशी, अल्मोड़ा और ऊधम सिंह नगर के अध्यक्ष पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।
चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं। पहले चरण में गढ़वाल मंडल के छह जिला सहकारी बैंकों के चुनाव संपन्न हुए हैं, जबकि कुमाऊं मंडल के जिला सहकारी बैंकों के चुनाव 10 और 11 सितंबर को होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

