कंटेनर ट्रक पलटने से 19 वर्षीय मजदूर की मौत, चालक फरार
देहरादून, 13 अगस्त (हि.स.)। देहरादून के क्लेमेंटाउन थाना क्षेत्र में गुरुवार को आरटीओ चेकपोस्ट से करीब 150 मीटर पहले एक कंटेनर ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में सड़क की सफाई का काम कर रहा 19 वर्षीय मजदूर ट्रक के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, महेश सुबह रोड साफ करने वाले कंप्रेसर से सड़क की सफाई कर रहा था। इसी दौरान सहारनपुर की ओर से आ रहा कंटेनर ट्रक अनियंत्रित होकर उसके ऊपर पलट गया। सूचना मिलते ही चौकी आशारोड़ी से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एनएचएआई के कार्य में लगे दो हाइड्रा क्रेन की मदद से कंटेनर को सीधा कर युवक को बाहर निकाला गया,लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान महेश पुत्र रामदीन, निवासी ग्राम नंदूपुर, थाना कमासिन, जिला बांदा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को एंबुलेंस के माध्यम से कोरोनेशन अस्पताल भेज दिया है और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर आशारोड़ी चौकी में खड़ा कर दिया है। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

