संविधान गौरव दिवस पर भाजपा ने अंबेडकर को किया नमन
हरिद्वार, 26 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी जिला हरिद्वार की ओर से गुरुवार को जगजीतपुर स्थित जिला कार्यालय में संविधान गौरव दिवस मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि भारत का संविधान दुनिया के सबसे विशाल और ताकतवर संविधानों में से एक है। यह संविधान ही है, जो देश के गरीब व्यक्ति को भी प्रधानमंत्री बनने का सपना देखने की ताकत देता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की नीति सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास है। पार्टी तुष्टिकरण के बजाय संतुष्टिकरण की राजनीति करती है। गरीबों को राशन, आवास और इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ बच्चों को शिक्षा देना भाजपा की प्राथमिकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान को जेब में लेकर घूमने की बात करने वालों ने ही संविधान का सबसे अधिक अपमान किया है। भाजपा संविधान की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष करती रहेगी।
जिला मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि संविधान गौरव दिवस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संविधान के मूल्यों की रक्षा का संकल्प लेने का अवसर है। भाजपा कार्यकर्ता संविधान के मूल्यों और पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों को हर घर तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि जिला संगठन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने के लिए पूरी ताकत से काम करेगा।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट ने किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष तरुण नय्यर, सीमा चौहान, निपेंद्र चौधरी, रेशु चौहान, बिंदर पाल, पारुल चौहान, राजीव भट्ट, गौरव वर्मा, चित्र कुमार सैनी, नकली राम सैनी, मनोज शर्मा, निर्मल सिंह, प्रताप प्रधान, कैलाश भंडारी, वरुण वशिष्ठ, प्रशांत शर्मा, पवन राठौड़, विनीत प्रताप सिंह चौहान, कदम सिंह और ओम प्रकाश सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

