स्वयंसेवकों ने विद्यार्थियों को संविधान और नशामुक्ति के प्रति किया जागरूक

WhatsApp Channel Join Now
स्वयंसेवकों ने विद्यार्थियों को संविधान और नशामुक्ति के प्रति किया जागरूक


हरिद्वार, 28 नवंबर (हि.स.)। संविधान दिवस और नशामुक्ति अभियान के तहत पतंजलि विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के स्वयंसेवकों ने शनिवार को विजडम वर्ल्ड स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान विद्यार्थियों को संविधान के मूल आदर्शों, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों के साथ ही नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देकर स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

पतंजलि विश्वविद्यालय की प्रोफेसर वैशाली गौड़ के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने संविधान दिवस के महत्व, मौलिक अधिकारों, मूल कर्तव्यों, योग की उपयोगिता और नशे से होने वाले नुकसान पर व्याख्यान दिए। उन्होंने विद्यार्थियों से जागरूक, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विजडम वर्ल्ड स्कूल की छात्राओं ने कविता पाठ और व्याख्यान के माध्यम से संविधान के महत्व तथा उसके मूल आदर्शों पर विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के समापन पर छात्राओं और स्वयंसेवकों ने नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने की शपथ ली। उन्होंने नशामुक्त भारत अभियान को जन आंदोलन बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि संविधान के आदर्शों का पालन करने के लिए प्रत्येक नागरिक का अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति सजग होना जरूरी है। योग, संयम और नशामुक्त जीवनशैली स्वस्थ, जागरूक एवं सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785032 Articles

Share this story