टिहरी में एसडीआरएफ पोस्ट का अचानक निरीक्षण, सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने उपकरणों की जाँच की

WhatsApp Channel Join Now
टिहरी में एसडीआरएफ पोस्ट का अचानक निरीक्षण, सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने उपकरणों की जाँच की


-कर्तव्यों के प्रति सजग एवं प्रतिबद्ध रहें कार्मिक: सेनानायक

देहरादून, 27 अप्रैल (हि.स.)। आपदा प्रबंधन में उच्चतम मानकों को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी ने पोस्ट कोटी कॉलोनी, टिहरी गढ़वाल का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पोस्ट पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का गहन अवलोकन करते हुए व्यवस्थाओं की समग्र समीक्षा की।

निरीक्षण के क्रम में अर्पण यदुवंशी ने पोस्ट पर उपलब्ध आधुनिक उपकरणों की कार्यकुशलता का परीक्षण किया और उनके रख-रखाव व उपयोगिता के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, पोस्ट परिसर, संचार प्रणाली, आपदा प्रतिक्रिया संसाधनों व अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया, जिससे आपात स्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सम्मेलन आयोजित कर सेनानायक ने संवाद स्थापित किया, जिसमें आपदा के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वय एवं निरंतर प्रशिक्षण की आवश्यकता पर विशेष बल दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि एसडीआरएफ की सफलता केवल संसाधनों पर नहीं, बल्कि कार्मिकों की तत्परता, दक्षता और समर्पण पर निर्भर करती है।

इस अवसर पर सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने कहा कि आपदा के समय हर क्षण महत्वपूर्ण होता है। हमारी तैयारी, उपकरणों की दक्षता और टीम का समन्वय ही हमें सफल बनाता है। सभी कार्मिक अपने कर्तव्यों के प्रति सजग एवं प्रतिबद्ध रहें।

निरीक्षण के बाद टिहरी झील में बोटिंग के माध्यम से जलीय आपदा परिदृश्यों में रेस्क्यू ऑपरेशन की संभावनाओं व व्यावहारिक पहलुओं का भी अवलोकन किया गया, जिससे ऐसी आपदाओं में एसडीआरएफ की तत्परता को और सुदृढ़ किया जा सके।

----

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story