कांग्रेसियों ने फूंका पीएम मोदी, गृह मंत्री शाह और सीईसी ज्ञानेश का पुतला
नई टिहरी, 28 सितंबर (हि.स.)। धनोल्टी विधानसभा के कंडीसौड़ में कांग्रेस की परिवर्तन जन संवाद महारैली में केंद्र और राज्य सरकार पर कई आरोप लगाते हुए 2027 में स्थानीय लोगों से कांग्रेस को सत्ता में वापस लाने के लिए समर्थन देने की अपील की कई। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा सहित कई दलों के लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ली। कांग्रेस पदाधिकारियों ने वोट चोरी को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार सहित मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला।
सोमवार को कंडीसौड़ में कांग्रेस की जन संवाद रैली का प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कार्यकर्ताओं ने जोश भरा। उनकी मौजूदगी में भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री राजेंद्र पैन्यूली, विनोद पंवार, थौलधार के पूर्व ज्येष्ठ उप प्रमुख गुलाबू लाल, अनीता पैन्यूली, सुनार गांव की प्रधान आशा राणा सहित दो दर्जन लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ली।
जनसभा को संबोधित करते हुए पीसीसी चीफ गोदियाल ने कहा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने जो कार्य किया है, वह इतिहास में पहली बार हुआ है। कहा ज्ञानेश और अन्य चुनाव आयुक्तों का एक ही कार्यक्रम है। भाजपा को किसी तरह जिताना। कहा कि ईसी एसएस संधू और विवेक जोशी ने आयोग की फाइलों में 14 आपत्ति जरूर लगाई लेकिन यह बात राष्ट्रपति के समक्ष नहीं रखी। कहा कि महंगाई, भ्रष्टाचार और पेपर लीक चरम पर है। रोजगार देने के नाम पर प्रदेश की भाजपा सरकार शराब की दुकानें खोल रही है।
कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी तो छाम- बल्डोगी झूला पुल को बनाया जाएगा। बांध प्रभावितों की समस्याएं हल की जाएंगी। इससे पूर्व कांग्रेसियों ने कंडीसौड़ बाजार में रैली निकाल कर पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, सीईसी ज्ञानेश का पुतला फूंका और एसडीएम को ज्ञापन भेजा।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

