बेहड़ से अभद्रता पर हरिद्वार में कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा सरकार का पुतला फूंका

WhatsApp Channel Join Now
बेहड़ से अभद्रता पर हरिद्वार में कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा सरकार का पुतला फूंका


हरिद्वार, 23 सितंबर (हि.स.)। किच्छा में कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़ के साथ हुई अभद्रता और मारपीट के विरोध में बुधवार को हरिद्वार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और पुतला फूंका। पूर्व सभासद अशोक शर्मा के नेतृत्व में पूर्व मेयर अनिता शर्मा के कैंप कार्यालय से श्रद्धानंद चौक तक पैदल मार्च निकाला गया। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घटना में शामिल लोगों पर कार्रवाई की मांग की।

पूर्व राज्यमंत्री डॉ. संजय पालीवाल, अशोक शर्मा और अनुसूचित विभाग के जिलाध्यक्ष तीरथपाल रवि ने कहा कि विधायक बेहड़ के साथ हुई घटना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में विधायक के साथ अभद्रता और मारपीट हुई, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रदीप चौधरी, मकबूल कुरैशी और संजय सैनी ने कहा कि सरकार की कथित हठधर्मिता के कारण कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। सुंदर सिंह मनवाल, दिनेश वालिया, रविश भटीजा, सुमन अग्रवाल, सपना सिंह और विकास चंद्रा ने घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं संजय अग्रवाल, ओपी चौहान और अनिल भास्कर ने कहा कि कार्रवाई में देरी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित संदेश नहीं है।

प्रदर्शन में एडवोकेट फुरकान अली, दिनेश कुमार, मांगेराम कश्यप, हरद्वारी लाल, कार्तिक कुमार, पुनीत कुमार, सुमित भाटिया, पार्षद सुनील कुमार, सीपी सिंह, वेदपाल सिंह तेजियांन, सदन लाल साहू, धर्मवीर सैनी, मेहरबान खान, वसीम सलमानी, गौरव चौहान, जेपी सिंह, जतिन हांडा, छमन पीरजी, आशु श्रीवास्तव, दीपक कोरी, सागर बेनीवाल, आशु भारद्वाज, प्रेम शर्मा समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story