कांग्रेस की सोशल मीडिया पोस्ट पर भाजपा का विरोध, मातृशक्ति से माफी मांगने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस की सोशल मीडिया पोस्ट पर भाजपा का विरोध, मातृशक्ति से माफी मांगने की मांग


देहरादून, 29 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर महिलाओं की पदयात्रा की तुलना बंदरों के वीडियो से किए जाने को लेकर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है। भाजपा नेताओं ने इसे प्रदेश की मातृशक्ति का अपमान बताते हुए कांग्रेस नेतृत्व से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के चलते भाजपा या राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का विरोध करना कांग्रेस का अधिकार है, लेकिन इसके लिए उत्तराखंड की महिलाओं को निशाना बनाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण आंदोलन से लेकर प्रदेश के विकास तक महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। करवाचौथ जैसे पर्व पर इस तरह की टिप्पणी किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि 29 अक्टूबर की सुबह कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर दशहरे के दौरान महिलाओं की पदयात्रा के दृश्यों की तुलना बंदरों के वीडियो से करते हुए टिप्पणी की गई थी। विरोध के बाद पोस्ट हटा दी गई, लेकिन इससे महिलाओं की भावनाओं को पहुंची ठेस कम नहीं होती। उन्होंने कांग्रेस से इस मामले में स्पष्टीकरण देने और महिलाओं से माफी मांगने की मांग की।

भाजपा की प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भरद्वाज ने भी पोस्ट की निंदा करते हुए कहा कि महिलाओं की पदयात्रा को लेकर की गई टिप्पणी महिला सम्मान के प्रति कांग्रेस के दावों पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की महिलाओं ने राज्य आंदोलन, खेती-किसानी, पर्यावरण संरक्षण और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

तीनों भाजपा नेताओं ने उत्तराखंड की महिलाओं के संघर्ष और योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की मातृशक्ति का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने चकराता ऑडियो प्रकरण का भी उल्लेख किया और उससे जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच और शिकायतकर्ता परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769018 Articles

Share this story