कांग्रेस में टिकट के दावेदार जिला अध्यक्ष या सीधे पीसीसी कार्यालय में कर सकेंगे आवेदन

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस में टिकट के दावेदार जिला अध्यक्ष या सीधे पीसीसी कार्यालय में कर सकेंगे आवेदन


कांग्रेस में टिकट के दावेदार जिला अध्यक्ष या सीधे पीसीसी कार्यालय में कर सकेंगे आवेदन


-स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में प्रत्याशी चयन के मानक तय, जिताऊ और संगठन के प्रति निष्ठावान उम्मीदवारों को मिलेगी प्राथमिकता

देहरादून, 29 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने प्रत्याशियों के चयन और टिकट वितरण की प्रक्रिया को लेकर कवायद तेज कर दी है। पार्टी के टिकट के दावेदार संबंधित जिला अध्यक्ष के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा इच्छुक उम्मीदवार सीधे प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) कार्यालय में भी आवेदन जमा कर सकते हैं।

रविवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर स्क्रीनिंग कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक हुई। कमेटी की चेयरपर्सन दीपा दास मुंशी की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रत्याशियों के चयन, आवेदन प्रक्रिया, संगठनात्मक समन्वय और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में तय किया गया कि टिकट वितरण में क्षेत्र में मजबूत पकड़, जनता के बीच अच्छी छवि और चुनाव जीतने की क्षमता रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही पार्टी के प्रति निष्ठा, पिछले आंदोलनों में भागीदारी और संगठन को मजबूत करने में दावेदारों के योगदान का भी आकलन किया जाएगा।

स्क्रीनिंग कमेटी ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से प्राप्त आवेदनों पर स्थानीय कार्यकर्ताओं और आनुषंगिक प्रकोष्ठों से फीडबैक लेकर अंतिम पैनल तैयार करने पर जोर दिया। चयन प्रक्रिया में युवाओं, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व देने की बात भी कही गई।

बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों और विभिन्न आनुषंगिक प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि पार्टी हाईकमान और स्क्रीनिंग कमेटी जिस भी प्रत्याशी को टिकट देगी, पूरा संगठन उसे जिताने के लिए एकजुट होकर काम करेगा। बूथ और मंडल स्तर तक जनसंपर्क अभियान तेज करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य अनिल चौधरी और पाल आम्बलिया, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह और करण माहरा सहित प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य, विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785463 Articles

Share this story