कांग्रेस ने चार धाम यात्रा व्यवस्थाओं पर खड़े किए सवाल

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस ने चार धाम यात्रा व्यवस्थाओं पर खड़े किए सवाल


हरिद्वार, 25 अप्रैल (हि. स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा नेचारधाम यात्रा की व्यवस्था तैयारियों पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा है कि यात्रा की शुरुआत से ही अव्यवस्थाओं का माहौल दिखाई दे रहा है।

हरिद्वार प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में आलोक शर्मा ने आरोप लगाया कि यमुनोत्री और केदारनाथ क्षेत्र में शुरुआती दिनों की व्यवस्थाओं ने पोल खोल दी है। उन्होंने कहा कि यह केवल हादसे नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर तैयारियों की कमी का परिणाम हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर चिकित्सा सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं, विशेषकर बद्रीनाथ धाम में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी गंभीर चिंता का विषय है। उनके अनुसार, लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद मजबूत मेडिकल व्यवस्था का अभाव यात्रियों की जान को जोखिम में डाल सकता है।

वीआईपी दर्शन व्यवस्था पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आम श्रद्धालुओं को घंटों इंतजार करना पड़ता है, जबकि वीआईपी को विशेष सुविधा दी जा रही है। इसे उन्होंने धार्मिक आस्था के साथ अन्याय और भेदभावपूर्ण व्यवस्था बताया।

उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व वर्षों में हुई घटनाओं से सरकार ने कोई सबक नहीं लिया, जिसके चलते इस वर्ष भी वही समस्याएं दोहराई जा रही हैं।

कांग्रेस ने मांग की है कि यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सेवाओं को तत्काल मजबूत किया जाए, विशेषज्ञ डॉक्टरों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा वीआईपी संस्कृति पर नियंत्रण लगाया जाए।

इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सोम त्यागी, मनोज सैनी, संजय सैनी, विकास चंद्रा और सागर बेनीवाल मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story