स्मार्ट मीटर और अतिक्रमण कार्रवाई पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
हरिद्वार, 06 जून (हि.स.)। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने स्मार्ट मीटर लगाए जाने की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर नहीं लगाए जाने चाहिए।
शनिवार को प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि ऊर्जा निगम पुलिस की मदद से स्मार्ट मीटर लगाने की तैयारी कर रहा है, जबकि कई स्थानों पर पुराने मीटर सही स्थिति में कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर से आने वाले बिजली बिलों को लेकर लोगों में असंतोष है और कांग्रेस जनता की इच्छा के विरुद्ध मीटर लगाए जाने का विरोध करेगी। साथ ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखकर करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने मास्टर प्लान, भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क में वृद्धि और बढ़ती महंगाई को लेकर भी सरकार की आलोचना की और जनहित से जुड़े मुद्दों पर तत्काल निर्णय लेने की मांग की।
प्रेस वार्ता में डॉ. मेहरबान, सुनील चौहान, अशोक धींगान, राजेंद्र तथा अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

