कांग्रेस ने ऑपरेशन सिंदूर के शहीदों को दी श्रद्धांजलि, सरकार पर साधा निशाना

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस ने ऑपरेशन सिंदूर के शहीदों को दी श्रद्धांजलि, सरकार पर साधा निशाना


देहरादून, 28 जून (हि.स.)। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने रविवार को ऑपरेशन सिंदूर के छह शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कैंट रोड स्थित चीड़ बाग के शौर्य स्थल (वार मेमोरियल) पहुंचकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर एआईसीसी सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पुलवामा आतंकी हमले के बाद 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने शहीदों के नाम पर वोट मांगे थे, लेकिन ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना को हुए नुकसान के संबंध में संसद में पूछे गए सवालों पर सरकार ने सही जानकारी नहीं दी। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे देश, सेना और शहीदों का अपमान हुआ है।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि पूरा देश ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए सैनिकों को सलाम करता है और सदैव उनका ऋणी रहेगा। प्रदेश अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष मदन लाल ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में शहीद सैनिकों की जानकारी महीनों तक सार्वजनिक न किए जाने पर लोगों के मन में सवाल उठे हैं।

प्रदेश कांग्रेस गोरखा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अनिल बस्नेत ने आरोप लगाया कि भाजपा अपनी राजनीतिक साख बचाने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। वहीं, प्रदेश श्रम विभाग के अध्यक्ष दिनेश कौशल ने कहा कि यदि ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए सैनिकों की जानकारी छिपाई गई और संसद में गलत जानकारी दी गई, तो यह संसद के साथ-साथ शहीदों के सम्मान से भी जुड़ा गंभीर विषय है।

इस अवसर पर अमीचंद सोनकर, संतोष नैनवाल, डाक्टर सुनील अग्रवाल, किशोर उनियाल, राजेंद्र धवन, विजय शाही, आदर्श सूद, गगन छाछर, आनंद सिंह पुंडीर, राहुल अग्रवाल, शुभम सैनी, सोनू काजी, सुल्तान, घनश्याम वर्मा, कमल किशोर शर्मा, एडवोकेट नरेंद्र कुमार, सुरेंद्र नौटियाल, नरेंद्र खड़का आदि मौजूद रहे।

---

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story