कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान अंतिम चरण में, 26 नवंबर को राजभवन कूच करेगी पार्टी

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान अंतिम चरण में, 26 नवंबर को राजभवन कूच करेगी पार्टी


कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान अंतिम चरण में, 26 नवंबर को राजभवन कूच करेगी पार्टी


देहरादून, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री और मंत्रियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी हस्ताक्षर अभियान तेज हो गया है। पार्टी ने सभी जिला, महानगर, ब्लॉक, मंडल, वार्ड और बूथ स्तर पर अभियान चलाकर 23 नवंबर तक हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज प्रदेश मुख्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए हैं।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की मुख्य प्रवक्ता गरिमा माहरा दशौनी ने बुधवार को बताया कि प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर सभी संगठनात्मक इकाइयों के अध्यक्षों से निर्धारित समयसीमा में अभियान पूरा करने को कहा गया है। हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज 23 नवंबर तक देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में जमा कराने होंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर जनता में आक्रोश है। कांग्रेस इस अभियान के माध्यम से जनता की आवाज को संगठित रूप से उठाना चाहती है।

दशौनी ने बताया कि आगामी 26 नवंबर को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी सांसद कुमारी शैलजा तथा प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए राजभवन कूच करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री और संबंधित मंत्रियों के खिलाफ चलाए गए हस्ताक्षर अभियान के दस्तावेज राज्यपाल को सौंपे जाएंगे और सरकार के खिलाफ लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच कर कार्रवाई की मांग की जाएगी।

उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने तथा 26 नवंबर के राजभवन कूच को सफल बनाने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778953 Articles

Share this story