‘शुद्धिकरण’ मामले में कांग्रेस ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग

WhatsApp Channel Join Now
‘शुद्धिकरण’ मामले में कांग्रेस ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग


हल्द्वानी, 5 सितंबर (हि. स.)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी में हुई जनसभा के बाद कथित ‘शुद्धिकरण’ किए जाने के मामले में कांग्रेस ने शनिवार को पुलिस से आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।

राज्यसभा सदस्य और कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य चंद्रकांत हंडोरे ने हल्द्वानी पहुंचकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस क्षेत्राधिकारी से मुलाकात की और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, नैनीताल के नाम एक ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में हंडोरे ने आठ अगस्त को रामलीला मैदान में खड़गे की जनसभा के बाद कथित तौर पर किए गए ‘शुद्धिकरण’ को गंभीर और निंदनीय बताते हुए इसमें शामिल लोगों एवं संगठनों के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि यह घटना छुआछूत की मानसिकता को दर्शाती है और संविधान के अनुच्छेद 17 के प्रावधानों के संदर्भ में गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि घटना को 27 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कथित रूप से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।

हंडोरे ने आरोप लगाया कि इस मामले में कार्रवाई करने के बजाय कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई, जो एकतरफा और अन्यायपूर्ण कार्रवाई है।

उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी वापस लेने की भी मांग की।

उन्होंने कहा कि यदि प्राथमिकी वापस नहीं ली गई तो अनुसूचित जाति वर्ग से जुड़े कांग्रेस सांसद राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपकर इस मुद्दे को लोकतांत्रिक तरीके से उठाएंगे।

इस दौरान हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश सहित कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story