(संशोधित) कांग्रेस की न्याय यात्रा 22 अक्टूबर से

WhatsApp Channel Join Now
(संशोधित) कांग्रेस की न्याय यात्रा 22 अक्टूबर से


देहरादून, 17 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने धामी सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने के लिए संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। इसके तहत 22 से 25 अक्टूबर तक सभी विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा निकाली जाएगी।

इसके साथ ही पार्टी 27 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा सत्र के दौरान घेराव करेगी। इसके अलावा एक नवंबर को वोट चोरी के मुद्दे पर दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने और चार नवंबर को जमीनों से जुड़े कथित घोटालों के विरोध में जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया है।

कांग्रेस के कार्यक्रम के अनुसार,न्याय यात्रा के दौरान पार्टी कार्यकर्ता विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर जनता से जुड़े मुद्दे उठाएंगे। इसके बाद 27 अक्टूबर को ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में विधानसभा सत्र के दौरान सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। पार्टी ने एक नवंबर को मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी के मुद्दे पर दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया है। कांग्रेस इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की तैयारी कर रही है।

इसी क्रम में चार नवंबर को उत्तराखंड में उन स्थानों के जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे, जहां कांग्रेस के मुताबिक, धामी सरकार के कार्यकाल में जमीनों की नीलामी, धांधली और भ्रष्टाचार के मामले सामने आए हैं। कांग्रेस इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की तैयारी में है। पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं से आंदोलन में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया है।

__________________

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762736 Articles

Share this story