हरिद्वार में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन
हरिद्वार, 30 अप्रैल (हि.स.)। जनपद में कथित भेदभाव और उपेक्षा के आरोपों को लेकर गुरुवार को यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पुष्कर सिंह धामी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज के प्रेम नगर आश्रम के बाहर सरकार का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार हरिद्वार के साथ सौतेला और भेदभावपूर्ण रवैया अपना रही है। पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजीव चौधरी और वरिष्ठ नेता सोम त्यागी ने कहा कि जिले की जनता इस तरह की अनदेखी को किसी भी हाल में स्वीकार नहीं करेगी।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी और पूर्व सभासद अशोक शर्मा ने सरकार पर आरोप लगाया कि जिला योजना समिति में ठेकेदारों के प्रस्तावों को विपक्षी विधायकों के नाम पर शामिल कर पास कराया जा रहा है। उन्होंने इसे भ्रष्टाचार का संकेत बताते हुए कहा कि प्रदेश में ठेकेदारों की सरकार चल रही है और सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार तेजी से बढ़ रहा है।
यूथ कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष गौरव चौहान और महानगर महासचिव सार्थक ठाकुर ने भी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त होकर जनविरोधी कार्य कर रहे हैं और विपक्षी विधायकों के साथ जिला योजना बैठक में किया गया व्यवहार निंदनीय है।
पूर्व यूथ कांग्रेस पदाधिकारी निखिल सौदाई और सागर बेनीवाल ने चेतावनी दी कि यदि हरिद्वार के साथ भेदभाव जारी रहा, तो आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता इसका जवाब देगी। वहीं, विकास चंद्रा और सौरभ सैनी ने आरोप लगाया कि राज्य को सर्वाधिक राजस्व देने के बावजूद हरिद्वार को विकास के लिए न्यूनतम बजट दिया जा रहा है।
वरिष्ठ नेता महेश प्रताप राणा और राजबीर सिंह चौहान ने कहा कि जिला योजना समिति की बैठक में विपक्षी जनप्रतिनिधियों की अनदेखी लोकतंत्र की भावना के खिलाफ है और यह सत्ता के अहंकार को दर्शाता है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

