छात्रों के समर्थन में महिला कांग्रेस का डीएम कार्यालय घेराव

WhatsApp Channel Join Now
छात्रों के समर्थन में महिला कांग्रेस का डीएम कार्यालय घेराव


देहरादून, 01 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस ने शनिवार को 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव कर जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज, शिक्षा व्यवस्था और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया।

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के बीच मूसलाधार बारिश शुरू होने के बावजूद कार्यकर्ता डटे रहे और डीएम कार्यालय से कचहरी रोड तक विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, जिससे पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की धक्का-मुक्की और नोकझोंक हुई। हालांकि, प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुआ लाठीचार्ज लोकतंत्र पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक देश में अपनी बात रखना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन केंद्र सरकार छात्रों की आवाज़ को भी दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार इस पूरे घटनाक्रम पर प्रधानमंत्री का बयान सामने आया, उससे देशभर के छात्र-युवाओं की भावनाएं आहत हुई हैं।

प्रदर्शन में शोभा बड़ौनी, पुष्पा पवार, अनुराधा, बबीता, रुचि रौतेला, नंदिता गढ़िया, कुसुम, रोबिन त्यागी, विनीत प्रसाद भट्ट, वीरेंद्र पवार, हेमंत उप्रेती, जमाल खान, गौरव रावत, नितिन उनियाल, अभिषेक जुयाल सहित महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, छात्र-छात्राओं व कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

----

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story