कांग्रेस 28 जून से शुरू करेगी परिवर्तन संकल्प सम्मेलन अभियान

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस 28 जून से शुरू करेगी परिवर्तन संकल्प सम्मेलन अभियान


देहरादून, 20 जून (हि.स.)। उत्तराखंड कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदेशभर में परिवर्तन संकल्प सम्मेलन अभियान चलाने की घोषणा की है। पार्टी का कहना है कि महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर वह जनता के बीच जाएगी।

यहां प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने बताया कि अभियान के पहले चरण में पर्वतीय विधानसभा क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इसके लिए प्रदेश को चार जोन में विभाजित किया गया है। इन क्षेत्रों में 28 जून से 9 जुलाई तक कार्यकर्ता सम्मेलन, जनसभाएं, संवाद कार्यक्रम और धरना-प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।

प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करने के साथ भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य भी विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हो सकते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। महंगाई, बेरोजगारी और अन्य जनसमस्याओं से आमजन परेशान हैं, जबकि सरकार के पास बताने के लिए कोई ठोस उपलब्धि नहीं है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति स्वाभिमानी है और उसे धनबल के आधार पर प्रभावित नहीं किया जा सकता।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश के संसाधनों पर सत्ता से जुड़े लोगों का कब्जा है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2017 से सरकार पर लगातार भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे हैं और विभिन्न आपराधिक मामलों में भाजपा नेताओं के नाम सामने आते रहे हैं।

गोदियाल ने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए नई प्रदेश कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और प्रस्तावित सूची केंद्रीय नेतृत्व को भेज दी गई है। नई कार्यकारिणी से संगठन को नई ऊर्जा और उत्साह मिलेगा। उन्होंने बताया कि चुनावी तैयारियों के तहत पार्टी विभिन्न स्तरों पर मंथन कर रही है और भविष्य की रणनीति पर निर्णय केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों के लिए उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया पार्टी के तय मानकों के अनुसार होगी और सभी पहलुओं का आकलन करने के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा। जल्द की कांग्रेस की नई कार्यकारिणी आएगी। इसकी रूपरेखा तैयार कर ली गई है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story