पेपर लीक पर कांग्रेस का हमला, रंजीत रंजन बोलीं- ' छात्रों के हितों की लड़ाई आगे भी जारी रखेगी'

WhatsApp Channel Join Now
पेपर लीक पर कांग्रेस का हमला, रंजीत रंजन बोलीं- ' छात्रों के हितों की लड़ाई आगे भी जारी रखेगी'


देहरादून, 25 जून (हि.स.)। राज्यसभा सांसद और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता रंजीत रंजन ने पेपर लीक की घटनाओं, परीक्षा प्रणाली की खामियों और भ्रष्टाचार को लेकर केंद्र और उत्तराखंड सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्हाेंने कहा कि रखवाले ही चोर बन रहे हैं। कांग्रेस युवाओं के भविष्य का बर्बाद करने वालाें के खिलाफ छात्रों के हितों की लड़ाई आगे भी जारी रखेगी।

गुरुवार को प्रेस क्लब में पार्टी की देशव्यापी अभियान के तहत रंजीत रंजन ने पत्रकारों से बातचीत में नीट पेपर लीक पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कहा कि देश इस समय गंभीर चुनौतियों से गुजर रहा है और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में छात्रों के हितों के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक से छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

रंजीत रंजन ने नीट परीक्षा से जुड़े विवादों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल पेपर लीक का मामला नहीं, बल्कि पूरी परीक्षा व्यवस्था की खामियों का परिणाम है। उन्होंने देहरादून की छात्रा रिया थापा समेत परीक्षा संबंधी घटनाओं से प्रभावित युवाओं के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कोचिंग संस्थान युवाओं के सपनों का सौदा कर रहे हैं और परीक्षा सुधार के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि देवभूमि का हर युवा देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए संकल्पित है, लेकिन उत्तराखंड में भर्ती परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यूकेएसएसएससी परीक्षा प्रकरण ने राज्य सरकार की सच्चाई उजागर कर दी है और सरकार ने पहाड़ के युवाओं के भविष्य के साथ मजाक किया है।

कांग्रेस सांसद ने कहा कि व्यवस्था के भीतर ही ऐसे लोग बैठे हैं जो संस्थाओं को कमजोर कर रहे हैं। उन्हाेंने दावा किया कि एक स्रोत के अनुसार पिछले दस वर्षों में देश में 89 पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं, जिनका असर करोड़ों युवाओं और उनके परिवारों पर पड़ा है। उन्होंने कहा कि 19 राज्यों में 64 परीक्षाएं पेपर लीक या परीक्षा अनियमितताओं से प्रभावित हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने में विफल रही है।

कांग्रेस सांसद ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में जेल जाओ, बेल कराओ एक अभियान जैसा बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार परीक्षा के प्रश्नपत्र तक सुरक्षित नहीं रख पा रही है, जबकि बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य दांव पर लगा है और कांग्रेस इस मुद्दे को देशभर में मजबूती से उठाएगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही है। कांग्रेस युवाओं की आवाज को मजबूती से उठा रही है और इस मुद्दे पर न्याय की लड़ाई जारी रखेगी। उन्हाेंने तीन प्रमुख मांगें रखते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, कथित पेपर माफिया और उनके संबंधों की जांच और वार्षिक परीक्षा कैलेंडर घोषित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर देश के 28 प्रमुख शहरों में अभियान को जारी रखेगी।

उन्होंने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि छात्र अब देश के नेतृत्व से जवाब मांग रहे हैं और कांग्रेस युवाओं के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

इस मौके पर प्रीतम सिंह,महानगर अध्यक्ष डॅा जसविंदर सिंह गोगी, प्रवक्ता गरीमा माहरा दसौनी सहित अन्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story