कांग्रेस की न्याय यात्रा में महंगाई, बेरोजगारी को लेकर निशाना साधा

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस की न्याय यात्रा में महंगाई, बेरोजगारी को लेकर निशाना साधा


देहरादून, 25 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ अपनी उत्तराखंड न्याय यात्रा तेज कर दी है। रविवार को पौड़ी जिले की लैंसडाउन और चौबट्टाखाल और देहरादून की कैंट और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा निकाली गई। कांग्रेस नेताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में लैंसडाउन और चौबट्टाखाल में यात्रा आयोजित की गई। इसमें विधायक विक्रम सिंह नेगी और लखपत बुटोला भी शामिल रहे। वहीं, देहरादून की कैंट और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला के नेतृत्व में यात्रा निकाली गई।

गोदियाल ने आरोप लगाया कि पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं, पलायन और महिलाओं के खिलाफ अपराधों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े सवालों पर संघर्ष जारी रखेगी।

प्रीतम सिंह ने देहरादून में यातायात जाम, पेयजल संकट, जलभराव और सफाई जैसी समस्याओं का उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को रोजगार देने और नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में विफल रही है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि न्याय यात्रा के माध्यम से जनसमस्याओं को उठाकर आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी का अभियान प्रदेशभर में जारी रखा जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767378 Articles

Share this story