सतपुली पहुंची कांग्रेस की न्याय यात्रा, गणेश गोदियाल ने भाजपा पर साधा निशाना

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 24 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस की न्याय यात्रा शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में सतपुली पहुंची। यहां कांग्रेस नेता राजपाल बिष्ट समेत चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मंडलों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। रैली सतपुली बाजार के मुख्य मार्गों से होते हुए राधाकृष्ण मंदिर परिसर पहुंची, जहां जनसभा आयोजित की गई।

जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि जनता को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। जब तक लोगों को न्याय नहीं मिल जाता, पार्टी चैन से नहीं बैठेगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ेगी।

कांग्रेस की ओर से जारी पत्रक में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ, भाजपा नेताओं से बेटियों की अस्मिता बचाओ’ का नारा दिया गया। पार्टी ने महिला सुरक्षा, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पलायन और युवाओं को रोजगार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। कांग्रेस ने इन मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए जनता के बीच संघर्ष तेज करने का संकल्प जताया।

यात्रा में प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप, प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी, बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, कवींद्र इष्टवाल, राजेश कंडारी, पोखड़ा के पूर्व प्रमुख सुरेंद्र रावत, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विनोद नेगी, जिला पंचायत सदस्य सरोजनी कैतुरा, माया गुसाईं, विकास रावत, पंकज पोखरियाल, संजय रावत, नगर अध्यक्ष चंद्रमोहन सिंह रावत, रविंद्र कुमार और बिजेंद्र सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। न्याय यात्रा के सतपुली पहुंचने पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766185 Articles

Share this story