उत्तराखंड न्याय यात्रा के दूसरे दिन कांग्रेस ने कई विधानसभा क्षेत्रों में किया जनसंपर्क

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड न्याय यात्रा के दूसरे दिन कांग्रेस ने कई विधानसभा क्षेत्रों में किया जनसंपर्क


- कांग्रेस ने 27 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव में अधिक से अधिक भागीदारी का आह्वान किया

देहरादून, 23 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड में कांग्रेस की ओर से प्रदेशभर में निकाली जा रही न्याय यात्रा के दूसरे दिन शुक्रवार को चमोली, रुद्रप्रयाग, देहरादून और ऊधमसिंह नगर जिलों के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। पार्टी नेताओं ने इन यात्राओं के जरिए राज्य सरकार की नीतियों को लेकर जनता के बीच अपनी बात रखी और 27 अक्टूबर को गैरसैंण में प्रस्तावित विधानसभा घेराव में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं से शामिल होने की अपील की।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी बयान के अनुसार,प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक विक्रम सिंह नेगी और लखपत बुटोला के नेतृत्व में थराली विधानसभा क्षेत्र के नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के कर्णप्रयाग और गौचर तथा रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में न्याय यात्रा निकाली गई।

प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पश्चिम बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी, कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य करन माहरा, विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और विधायक तिलक राज बेहड़ के नेतृत्व में हल्द्वानी, लालकुआं, किच्छा, सितारगंज, नानकमत्ता, खटीमा और रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्रों में भी यात्रा आयोजित की गई।

वहीं,चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला के नेतृत्व में सहसपुर और विकासनगर विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा निकाली गई।

कांग्रेस ने दावा किया कि न्याय यात्राओं में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की नीतियों, कानून-व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति से परेशान है। उन्होंने सरकार पर महिला और युवा विरोधी नीतियां अपनाने का भी आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से 27 अक्टूबर को गैरसैंण में होने वाले विधानसभा घेराव कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765731 Articles

Share this story