पांच धार्मिक स्थलों से कांग्रेस की न्याय यात्रा शुरू,अंकिता और सोना प्रकरण में मांगा जवाब
गोपेश्वर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड में कांग्रेस ने गुरुवार को पांच प्रमुख धार्मिक स्थलों से न्याय यात्रा शुरू कर भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और कानून व्यवस्था के मुद्दों पर राज्य सरकार को घेरा। बदरीनाथ धाम पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने अंकिता भंडारी प्रकरण, केदारनाथ सोना प्रकरण और बदरीनाथ धाम में चढ़ावे से संबंधित शिकायतों का उल्लेख करते हुए सरकार से पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
बदरीनाथ धाम में भगवान बद्री विशाल के दर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अस्थायी कर्मचारियों के आंदोलन को समर्थन दिया। कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर पिछले दस दिनों से धरना और क्रमिक अनशन कर रहे हैं।
गोदियाल ने कहा कि कर्मचारियों को मंदिर समिति के पूर्व में पारित प्रस्तावों और संबंधित नियमों के आधार पर अपनी मांगें उठानी चाहिए। उन्होंने कहा कि केदारनाथ उपचुनाव के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से कर्मचारियों के संबंध में की गई घोषणा को लेकर भी सरकार का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने अंकिता भंडारी प्रकरण में कथित वीआईपी की भूमिका से जुड़े सवालों पर जवाबदेही की मांग की। उन्होंने सरकारी जमीनों और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का उल्लेख करते हुए सरकार से स्थिति स्पष्ट करने को कहा। केदारनाथ सोना प्रकरण और बदरीनाथ धाम में चढ़ावे से संबंधित शिकायतों पर भी उन्होंने पारदर्शिता बरतने की मांग की।
बदरीनाथ से कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने कहा कि प्रदेश में धार्मिक, आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों को लेकर लोगों में शिकायतें हैं। उन्होंने अंकिता भंडारी प्रकरण, भर्ती परीक्षाओं और वन्यजीवों से जुड़ी समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने सरकार के पिछले दस वर्षों के कार्यकाल पर भी सवाल उठाए।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने माणा गांव की महिलाओं और ग्रामीणों के साथ बदरीनाथ मंदिर के सिंहद्वार पर भगवान बद्री विशाल के जयकारे लगाए। इसके बाद भजन गाते हुए मंदिर से प्लाजा तक रैली निकाली गई, जिसमें माणा गांव के ग्रामीणों ने भी भाग लिया।
कांग्रेस ने कुमाऊं में अल्मोड़ा के गोल्ज्यू मंदिर, गढ़वाल में बदरीनाथ धाम, देहरादून में टपकेश्वर मंदिर, टिहरी में सेम मुखेम मंदिर और हरिद्वार में हरकी पैड़ी से न्याय यात्रा की शुरुआत की। गोदियाल ने कहा कि यात्रा के दौरान बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, जंगली जानवरों से किसानों को होने वाली परेशानी और धार्मिक स्थलों से जुड़े विवादों को उठाया जाएगा।
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेश डिमरी, प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

