कांग्रेस देहरादून में निकालेगी न्याय यात्रा, तैयारियों पर चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस देहरादून में निकालेगी न्याय यात्रा, तैयारियों पर चर्चा


देहरादून, 20 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस देहरादून जिले की विभिन्न विधानसभा सीटों पर उत्तराखंड न्याय यात्रा निकालेगी। यात्रा की तैयारियों को लेकर मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई।

पार्टी की ओर से जारी की गई जानकारी के मुताबिक, यात्रा के दौरान बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न और कानून व्यवस्था सहित प्रदेश से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए जाएंगे। बैठक में यात्रा के मार्ग, जनसभाओं, नुक्कड़ सभाओं और जनसंपर्क कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई।

प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि युवा रोजगार के लिए परेशान हैं और आम नागरिक महंगाई तथा भ्रष्टाचार से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि न्याय यात्रा के माध्यम से कांग्रेस जनता की समस्याएं सुनेगी और उनके समाधान के लिए आवाज उठाएगी।

पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला के नेतृत्व में भी यात्रा की तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, लालचंद शर्मा, राजकुमार, प्रदेश कोषाध्यक्ष गोदावरी थापली, महामंत्री राजेंद्र शाह और नवीन जोशी, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763988 Articles

Share this story