कांग्रेस की ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ यात्रा की शुरुआत में समर्थक भिड़े

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस की ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ यात्रा की शुरुआत में समर्थक भिड़े


हरिद्वार, 07 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ यात्रा की शुरुआत बुधवार को हरिद्वार में दो नेताओं के समर्थकों के बीच मारपीट से हुई। शिवमूर्ति चौक पर गुरजीत लहरी और जितेंद्र पंवार के समर्थक आपस में भिड़ गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

बताया गया कि प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के शिवमूर्ति चौक पहुंचने के बाद यात्रा सुभाष घाट के लिए रवाना हो रही थी। इसी दौरान दोनों नेताओं के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर जितेंद्र पंवार के कुछ समर्थकों ने गुरजीत लहरी के साथ हाथापाई की, जिसके बाद दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए।

वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के बीच पहले बहस और फिर हाथापाई होती दिखाई दे रही है। कुछ देर तक चौक पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। घटना के समय प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौके पर मौजूद थे।

गुरजीत लहरी ने आरोप लगाया कि पंवार और उनके समर्थकों ने उनके साथ अभद्रता और मारपीट की। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को दी जाएगी। वहीं पंवार ने मारपीट में शामिल होने से इनकार किया है।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि वह यात्रा में आगे चल रहे थे और उन्हें घटना की प्रत्यक्ष जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने उन्हें विवाद की जानकारी दी है।

घटना के बाद पार्टी के भीतर गुटबाजी को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, दोनों नेताओं के बीच विवाद के कारणों और घटना में शामिल लोगों के संबंध में पार्टी स्तर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story