चढ़ावे में गड़बड़ी के विरोध में कांग्रेस का उपवास-धरना

WhatsApp Channel Join Now
चढ़ावे में गड़बड़ी के विरोध में कांग्रेस का उपवास-धरना


हरिद्वार, 8 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस ने अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर और बदरीनाथ धाम के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के विरोध में बुधवार को ज्वालापुर में उपवास रखकर धरना-प्रदर्शन किया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर ज्वालापुर स्थित शिव मंदिर, जटवाड़ा पुल पर आयोजित धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने आरोप लगाया कि केदारनाथ मंदिर से सोना चोरी के मामले के बाद अब अयोध्या के श्रीराम मंदिर और बदरीनाथ धाम के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के आरोपों ने श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है।

पूर्व राज्यमंत्री संजय पालीवाल ने कहा कि अयोध्या के श्रीराम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितता करोड़ों हिंदुओं की आस्था से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार हिंदुओं की आस्था से खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपियों के बजाय छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा रही है। उनका कहना था कि बदरीनाथ धाम के चढ़ावे में कथित हेराफेरी सरकार की जवाबदेही पर सवाल खड़े करती है और केवल एक कर्मचारी को निलंबित कर सरकार अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकती। उन्होंने पूरे मामले की पारदर्शी एवं निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई।

धरना-प्रदर्शन में पूर्व विधायक रामयश सिंह,पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप चौधरी,इंटक नेता राजबीर सिंह चौहान,महेश प्रताप राणा,एडवोकेट फुरकान अली,बलजीत चौधरी,संजय अग्रवाल, रवीश भटीजा,पूनम भगत,मनोज सैनी,विकास चंद्रा, मयंक,कैलाश प्रधान,तीर्थ पाल रवि,मनोज जाटव,मोहन राणा,सोम त्यागी,संजय सैनी सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story