योजना के विरोध में कांग्रेसियों ने की बैठक
उत्तरकाशी, 22 फ़रवरी (हि.स.)। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस उत्तराखण्ड के आह्वान पर अग्निवीर योजना के विरोध में कांग्रेस कार्यालय में गहन चर्चा की गई। बैठक में अग्निवीर योजना के संभावित नुकसान, केंद्र सरकार द्वारा रक्षा में कटौती तथा सेना में प्रतिवर्ष लगभग 33 हजार सिपाहियों की कमी जैसे विषय पर बातचीत की गई।
बैठक में यह भी कहा गया कि आने वाले समय में कांग्रेस सरकार बनने पर पूर्व की भांति नियमित भर्ती प्रक्रिया पुनः प्रारंभ की जाएगी और अग्निवीर जैसी योजना को समाप्त किया जाएगा। साथ ही पूर्व सैनिकों को मिलने वाली सुविधाएं भी पूर्ववत सुचारू रूप से जारी रखी जाएंगी।
इस दौरान प्रदेश के वरिष्ठ नेता कर्नल राम रतन नेगी के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत, कमल सिंह रावत, विजय सेमवाल, सूर्यबल्लभ नौटियाल , सुधीश पवांर, विजेंद्र नौटियाल, अनवीर पंवार, पवित्रा राणा, कविता जोगेला (पूर्व सभासद), मधु रावत, भगवान चंद्र शाह, मनोज राही आदि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / चिरंजीव सेमवाल

