कांग्रेस ने फूंका  पुतला, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस ने फूंका  पुतला, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग


देहरादून, 22 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली में छात्रों के समर्थन में आयोजित प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी और कथित अभद्र व्यवहार के विरोध में बुधवार को देहरादून महानगर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और एश्लेहॉल चौक पर पुतला दहन किया।

इस मौके पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ.जसविंदर सिंह गोगी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। डॉ.गोगी ने आरोप लगाया कि छात्रों के समर्थन में किए जा रहे शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी सहित कांग्रेस नेताओं के साथ गिरफ्तारी और कथित अभद्र व्यवहार लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन है।

उन्होंने कहा कि देश का युवा जब शिक्षा, रोजगार और भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज उठा रहा है, तब सरकार लोकतांत्रिक संवाद के बजाय दमन का रास्ता अपना रही है। उन्होंने इसे संविधान की भावना और लोकतंत्र की मूल भावना के विपरीत बताया।

डॉ. गोगी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों, युवाओं और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से विपक्ष और युवाओं की आवाज सुनने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने की मांग की।

उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। डॉ. गोगी ने कहा कि छात्रों से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही तय होनी चाहिए और सरकार को युवाओं के भविष्य से जुड़े विषयों पर गंभीरता दिखानी चाहिए।

महानगर कांग्रेस ने चेतावनी दी कि लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन और जनहित से जुड़े मुद्दों की अनदेखी जारी रही तो पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष तेज करेगी।

प्रदर्शन में प्रदेश महामंत्री जगदीश धीमन, सुनीता प्रकाश, जसविंदर सिंह मोटी, अनूप कपूर, अरुण शर्मा, सरिता बिष्ट, संजय शर्मा, रामबाबू, गीताराम जैसवाल, वीरेंद्र पंवार, मोनिका चौधरी, अभिषेक तिवारी, पूनम खंडारी, सावित्री थापा, जितेंद्र जित्तू, सलमान, सुनील थपलियाल, शकील मंसूरी, राहुल तलवार, सुनील और कुलदीप नरूला सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story