कांग्रेस संगठन को मजबूत करने में जुटें नवनियुक्त प्रभारी: राजेंद्र सिंह भंडारी

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस संगठन को मजबूत करने में जुटें नवनियुक्त प्रभारी: राजेंद्र सिंह भंडारी


देहरादून, 18 अक्टूबर (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन) राजेंद्र सिंह भंडारी ने नवनियुक्त जिला एवं विधानसभा प्रभारियों से संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने और आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क बढ़ाने का आह्वान किया है।

राजेंद्र भंडारी ने रविवार को जारी एक बयान में कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अनुमोदन के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने जिला एवं विधानसभा प्रभारियों की घोषणा की है। इसके साथ ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्षों को विभिन्न अग्रिम संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।

उन्होंने नवनियुक्त प्रभारियों और पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन कर प्रदेश में पार्टी संगठन को मजबूत बनाने में योगदान देंगे।

राजेंद्र भंडारी ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी जल्द ही आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को इसकी जानकारी देगी, ताकि प्रदेशभर में पार्टी की गतिविधियों को गति दी जा सके। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करने तथा जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच सक्रिय रहने की अपील की।

राजेंद्र भंडारी ने कहा कि संगठन की मजबूती सामूहिक प्रयास, अनुशासन और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से संभव है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763160 Articles

Share this story