शुद्धिकरण मामले और राहुल गांधी पर प्राथमिकी के विरोध में कांग्रेस का हल्लाबोल

WhatsApp Channel Join Now
शुद्धिकरण मामले और राहुल गांधी पर प्राथमिकी के विरोध में कांग्रेस का हल्लाबोल


हरिद्वार, 03 सितंबर (हि.स.)। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद कार्यक्रम स्थल के कथित गंगाजल से शुद्धिकरण और इस पर सवाल उठाने पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के विरोध में कांग्रेस ने आंदोलन का ऐलान किया है।

7 सितंबर को देहरादून में मुख्यमंत्री आवास कूच को लेकर गुरुवार को मायापुर स्थित कांग्रेस कार्यालय में जिला महानगर कांग्रेस की बैठक हुई।बैठक में उत्तराखंड कांग्रेस के सहप्रभारी सुरेंद्र शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि खड़गे की सभा के बाद कथित शुद्धिकरण और राहुल गांधी पर एफआईआरको लेकर कार्यकर्ताओं में रोष है, इसी के विरोध में मुख्यमंत्री आवास कूच किया जाएगा।

जिला महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग और मुरली मनोहर ने कहा कि यह कृत्य कांग्रेस अध्यक्ष के अपमान के साथ संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक समरसता पर सवाल खड़ा करता है। वरुण बालियान और महेश प्रताप राणा ने कहा कि जनप्रतिनिधि के कार्यक्रम के बाद ऐसा शुद्धिकरण विभाजन और भेदभाव की मानसिकता को बढ़ावा देता है।

संतोष चौहान, अरविंद शर्मा और अंजू मिश्रा ने कहा कि आवाज उठाने पर राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआरविपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास है। अनिल भास्कर और तेलूराम प्रधान ने आरोप लगाया कि सरकारी संस्थाओं का राजनीतिक इस्तेमाल लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है।

अशोक शर्मा, राजीव भार्गव, उत्कर्ष वालिया सहित अन्य नेताओं ने कहा कि 7 सितंबर का कूच बड़ा आंदोलन होगा। बैठक में मोहन सिंह राणा, वीरेंद्र श्रमिक, सीपी सिंह, अंकुर सैनी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story