भाजपा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे के खिलाफ किया प्रदर्शन
पौड़ी गढ़वाल, 26 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता के संबंध में की गई कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके विरुद्ध नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया।
सोमवार को डीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कथित टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री के परिवार के प्रति अभद्र एवं अमर्यादित भाषा का प्रयोग करना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को व्यक्तिगत टिप्पणियों के बजाय राष्ट्रीय मुद्दों तथा आम जनता से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा करनी चाहिए।
सार्वजनिक जीवन में मर्यादित भाषा एवं राजनीतिक शिष्टाचार का पालन किया जाना आवश्यक है। प्रदर्शन में सांसद प्रतिनिधि संजय बलूनी, पूर्व विधायक मुकेश कोहली, जिला पंचायत सदस्य श्रीकोट अनुज कुमार, पूर्व मंडल उपाध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा राकेश गोरशाली, महिला मोर्चा की सोशल मीडिया सह-संयोजक बबीता रावत आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

